5 सितंबर को दिल्ली में होगा CJP का मार्च, SC ने रोक से किया इनकार

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने 5 सितंबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से नई दिल्ली में प्रस्तावित विरोध मार्च पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका पर अंतरिम आदेश जारी करने से इनकार कर दिया है। चीफ जस्टिस सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि अदालत सभी पक्षों से कानून के दायरे में रहते हुए शांतिपूर्ण तरीके से आचरण करने की उम्मीद करती है।

सुप्रीम कोर्ट ने मामले में नोटिस जारी करते हुए इसे 10 सितंबर को अन्य लंबित याचिकाओं के साथ सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखना सुरक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी

सुनवाई के दौरान पीठ ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रवर्तन एजेंसियों की जिम्मेदारी है। यही एजेंसियां तय करेंगी कि कौन-सी गतिविधि वैध है और कौन-सी अवैध। अदालत ने याचिकाकर्ता को अपनी शिकायत नीट विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस बर्बरता की जांच के लिए गठित उच्चाधिकार प्राप्त जांच समिति के समक्ष रखने का निर्देश भी दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों को संविधान और कानून का सम्मान करने की बात कही और शांतिपूर्ण तरीके से आचरण की उम्मीद जताई।

सुरक्षा कारणों से मार्च पर रोक की मांग

दिल्ली पुलिस के सेवानिवृत्त अधिकारी राजेंद्र सिंह ने याचिका दायर कर इंडिया गेट, सेंट्रल विस्टा और लुटियंस दिल्ली जैसे संवेदनशील इलाकों में बिना पूर्व अनुमति बड़े मार्च या प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी।

याचिका में आगामी 12-13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का भी हवाला दिया गया था। याचिकाकर्ता का तर्क था कि सम्मेलन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रस्तावित मार्च को स्थगित या नियंत्रित किया जाना चाहिए।

नीट मुद्दे और कथित पुलिस ज्यादती के विरोध में मार्च

कॉकरोच जनता पार्टी ने केंद्र सरकार पर 25 जुलाई को किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। संगठन ने शिक्षक दिवस यानी 5 सितंबर को इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने का आह्वान किया है।

पार्टी के अनुसार, मार्च में नीट परीक्षा रद्द होने और दोबारा परीक्षा के बाद जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों के सदस्य तथा कथित पुलिस ज्यादती का सामना करने वाले छात्र शामिल होंगे।

वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसे अब तक इस प्रस्तावित मार्च के लिए कोई औपचारिक अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 892