खैरागढ़। जिला मुख्यालय खैरागढ़ में रविवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़क हादसा हो गया। किल्लापारा में इतवारी बाजार की ओर से आ रही तेज रफ्तार माजदा ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अमलीपारा निवासी प्रीत चंद्राकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रीत बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। दुर्घटना में उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है। हादसे के बाद माजदा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना हाईवे पेट्रोलिंग टीम को दी। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग वाहन मौके पर पहुंचा और घायल प्रीत चंद्राकर को सिविल अस्पताल खैरागढ़ पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें आगे के उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
मालवाहक वाहन में सवारियों को बैठाने पर सवाल
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान माजदा वाहन में बड़ी संख्या में लोग सवार थे। मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने के खिलाफ यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर वाहन चालकों को समझाइश देने के साथ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी के मामले सामने आ रहे हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार माजदा वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और मालवाहक वाहनों में सवारियों को बैठाने के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जरूरत को उजागर कर दिया है।

