- किसान बंधु संगठन ने विद्युत विभाग को सौंपा ज्ञापन, वर्षा ऋतु में स्पार्किंग व करंट फैलने की जताई आशंका- बाबा टेकसिह चंदेल किसान नेता
धमधा। ग्राम परसबोड़ में आवासों के मुख्य द्वार के सामने स्थापित विद्युत ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों में लगातार भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। इस गंभीर जनहित एवं सुरक्षा संबंधी समस्या को लेकर किसान बंधु संगठन, धमधा ब्लॉक की ओर से प्रहलाद ढीमर ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, विद्युत वितरण केंद्र धमधा के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर ट्रांसफार्मर को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम परसबोड़ में प्रहलाद ढीमर, मन्नूराम, नेमसिंह साहू एवं सेवाराम के घरों के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित है। आबादी के बीच लगे इस ट्रांसफार्मर के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि विशेषकर बरसात के मौसम में ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग, तकनीकी खराबी, आग लगने तथा करंट फैलने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इससे आसपास रहने वाले बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मर को नहीं हटाया गया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
किसान बंधु संगठन ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर ट्रांसफार्मर को आबादी से सुरक्षित दूरी पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि संभावित दुर्घटना से बचाव हो सके और ग्रामीणों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इस मौके पर बाबा टेकसिह चंदेल किसान नेता,आत्मा साहू अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक,मोती राम वर्मा सरपंच प्रतिनिधि,मनसुख साहू,पहलाद ढीमर,कमल सिंह,पंचराम साहू इत्यादि किसान मौजूद रहे।
बाइट (बाबा टेकसिह चंदेल, किसान नेता):
“जनहित और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रांसफार्मर को तत्काल हटाकर सुरक्षित स्थान पर लगाया जाना चाहिए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।”

