देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे समेत 140 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। बिगड़ते हालात और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को 28 और 29 जुलाई तक दो दिनों के लिए रोक दिया है।
सोमवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार सुबह कई इलाकों में सड़कें बाधित होने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं। मौसम विभाग ने 29 और 30 जुलाई को भी प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
देहरादून में पुल की एप्रोच रोड बही, मसूरी में रेस्तरां ध्वस्त
देहरादून के नंदा की चौकी क्षेत्र में तेज बहाव के कारण पुल की एप्रोच रोड बह गई। हालांकि बाद में मरम्मत कर यातायात बहाल कर दिया गया। वहीं मसूरी में पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आने से एक रेस्तरां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मुख्यमंत्री ने दिए 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा की स्थिति को देखते हुए सभी विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों तक मदद पहुंचाने के लिए हेली सेवाओं को भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति की निगरानी करने और जेसीबी-पोकलेन जैसी मशीनों की मदद से बंद सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून में 24 घंटे में 95.8 मिमी बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय मानसूनी सिस्टम के चलते अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटे में देहरादून जिले में 95.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मालदेवता में सबसे ज्यादा 233 मिमी, हाथीबड़कला में 194.5 मिमी और देहरादून शहर में 107 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
केदारनाथ और बदरीनाथ हाईवे प्रभावित
भारी बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर कई जगह बोल्डर और मलबा आने से यातायात प्रभावित रहा। वहीं यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के पास नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 25 से 30 मीटर हिस्सा धंस गया है। इसके चलते यमुनोत्री यात्रा को भी फिलहाल स्थगित किया गया है।
रुद्रप्रयाग में नदी का जलस्तर बढ़ने से फंसी तीन महिलाओं को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे कंचन नाला उफान पर आने से बाधित रहा। जिले में बारिश के कारण 21 संपर्क मार्ग भी बंद हो गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

