बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर से एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने एक बड़े कारोबारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय मकान मालिक और उनकी पत्नी तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, नेहरू नगर मुख्य मार्ग निवासी कारोबारी रजनीश सेठ अपनी पत्नी के साथ तीर्थ यात्रा पर गए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी ही शातिर तरीके से घर में प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने एसी लगाने वाली जगह को हटाकर घर के अंदर प्रवेश किया और एक-एक कमरे की तलाशी लेते हुए नकदी, सोने-चांदी के आभूषण तथा कीमती रत्न समेटकर फरार हो गए।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन कारोबारी दंपत्ति के लौटने और पूरे सामान की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस घर और आसपास से मिले तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस नेहरू नगर मुख्य मार्ग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी संख्या का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस हाई-प्रोफाइल चोरी का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

