रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई इलाकों में जलभराव और आवागमन की समस्या सामने आ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर प्रदेश के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा और राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। वहीं मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में मध्यम से भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने बताया कि इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में औसत से लगभग 18 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में मानसून के कई सिस्टम सक्रिय हैं, जिसके चलते अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।
इन जिलों में सबसे अधिक हुई बारिश
बारिश के आंकड़ों के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इसके बाद जांजगीर-चांपा, मुंगेली, बिलासपुर और बलौदाबाजार जिलों में भी अच्छी बारिश हुई है।
वहीं सबसे कम बारिश मोहला-मानपुर-चौकी जिले में रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा सरगुजा, कांकेर, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों में भी सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।

