सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹3.19 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/जामुल। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹3.19 लाख से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी के बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग किश्तों में नगद एवं ऑनलाइन माध्यम से कुल ₹3,19,050 वसूल लिए, लेकिन न नौकरी दिलाई और न ही राशि लौटाई।

पुलिस के अनुसार, लोमेश वासनिक (54 वर्ष) निवासी अटल आवास, जामुल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर के समीप रहने वाले मनोज केशरवानी ने 17 अगस्त 2025 से 20 अप्रैल 2026 के बीच सरकारी नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उनसे कई किश्तों में पैसे लिए। लंबे समय तक इंतजार के बाद भी नौकरी नहीं मिलने और पैसे वापस नहीं करने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में शिकायत की।

शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर घेराबंदी की और 28 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मनोज केशरवानी (57 वर्ष), निवासी शर्मा कॉलोनी, संतोषी पारा, कैम्प-2, भिलाई के रूप में हुई है। मामले में साक्ष्य संकलन एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि न दें। सरकारी नौकरियां केवल निर्धारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से ही प्राप्त होती हैं। यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस अधिकारियों को दें, ताकि उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 782