पुलिस स्मृति दिवस पर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, वीरता, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को किया नमन

बेमेतरा-  “पुलिस स्मृति दिवस” के अवसर पर प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई प्रांगण में गरिमामय एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया। उपस्थित सभी ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट की गई। उन्होंने शहीदों के साहस, त्याग और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा को पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवान सदैव हमारे प्रेरणास्रोत रहेंगे। उनका सर्वोच्च बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को निष्ठा, साहस एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर, 1959 को भारत और तिब्बत के बीच 2.600 मील की सीमा की सुरक्षा के लिए तैनात सीआरपीएफ के 10 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए लड़ते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन वीर पुलिस जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को “पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है और तब से लेकर आज पर्यन्त हम सभी एकत्रित होकर उन वीर पुलिस जवानों का स्मरण करते हैं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने देश की एकता व अखण्डता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी तथा देशप्रेम और बलिदान की सर्वोच्च परम्परा स्थापित की है। 21 अक्टूबर का यह दिन, उन सभी पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि देना है जिन्होंने कर्तव्य परायणता में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। समारोह में 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 वीर पुलिस जवानों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनके बलिदान को देश की सुरक्षा, शांति और नागरिकों की रक्षा के प्रति समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण बताया गया।

इस दौरान  पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) ने शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा संवाद के माध्यम से उनकी भावनाओं, समस्याओं एवं आवश्यकताओं को संवेदनशीलता से समझा। इस अवसर पर राष्ट्र की सुरक्षा एवं कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरा सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1329