‘Haiwaan’ के बाद बदला Akshay Kumar का मूड, अब 14 साल बाद कॉमेडी फिल्म में करेंगे वापसी

एंटरटेनमेंट डेस्क। अक्षय कुमार एक बार फिर अपने पसंदीदा कॉमेडी जॉनर में वापसी करने की तैयारी में हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हैवान’ के बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने के बाद अब अक्षय कुमार एक नई कॉमेडी फिल्म में नजर आ सकते हैं। इस प्रोजेक्ट के लिए वह करीब 14 साल बाद निर्देशक साजिद खान के साथ काम करेंगे।

2012 के बाद फिर बनेगी अक्षय-साजिद की जोड़ी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय कुमार और साजिद खान की जोड़ी एक अनटाइटल्ड कॉमेडी फिल्म के लिए दोबारा साथ आ रही है। दोनों ने इससे पहले साल 2012 में रिलीज हुई ‘हाउसफुल 2’ में साथ काम किया था। अब लंबे अंतराल के बाद दोनों एक बार फिर दर्शकों को हंसाने की तैयारी में हैं।

इस फिल्म का निर्माण एकता आर कपूर के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म की कहानी गलतफहमियों के इर्द-गिर्द घूमने वाली कॉमेडी बताई जा रही है, जिसमें अधेड़ उम्र के पुरुषों की जिंदगी और परिस्थितियों को मजेदार अंदाज में पेश किया जाएगा।

अक्षय कुमार के साथ आर माधवन की जोड़ी

फिल्म में अक्षय कुमार के साथ आर माधवन भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। दोनों कलाकार इससे पहले ‘केसरी चैप्टर 2: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ जलियांवाला बाग’ में आमने-सामने नजर आए थे। उस फिल्म में दोनों के किरदार एक-दूसरे के विरोधी थे, जबकि आगामी कॉमेडी फिल्म में उनकी जोड़ी बिल्कुल अलग अंदाज में दिखाई देगी।

बताया जा रहा है कि आर माधवन कॉमेडी में अपनी टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस तरह की भूमिका में उन्हें पहली बार देखा जा सकता है।

श्रिया सरन और दिशा पाटनी भी कास्ट में शामिल

फिल्म की स्टारकास्ट में श्रिया सरन और दिशा पाटनी के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। मेकर्स इस प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

फिल्म का निर्देशन साजिद खान करेंगे। फिलहाल वह अपनी अन्य फिल्म ‘हीरो की हॉररिन’ को लेकर व्यस्त हैं। इसके बाद वह इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करेंगे।

लंदन में होगी शूटिंग

रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की शूटिंग साल 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में शुरू हो सकती है। फिल्म का पहला शेड्यूल लंदन में शूट किए जाने की संभावना है। हालांकि फिल्म के टाइटल और रिलीज डेट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

अक्षय कुमार के कॉमेडी अंदाज और साजिद खान के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि दोनों की जोड़ी करीब 14 साल बाद पर्दे के पीछे फिर साथ काम करने जा रही है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1329