पाटन। स्वच्छता ही सेवा 2026 एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 1 अक्टूबर को जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत तरीघाट में ब्लॉक स्तरीय स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने ग्राम पंचायत परिसर से जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत सरपंच चंद्रिका साहू की अध्यक्षता में किया गया। बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा मंत्री जितेंद्र वर्मा शामिल हुए। इस दौरान मंडल अध्यक्ष रानी बंछोर, मंडल अध्यक्ष ज्योति साहू सहित अन्य अतिथियों एवं ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत परिसर तथा साईं मंदिर के आसपास सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। आसपास स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
सरपंच चंद्रिका साहू ने कहा कि एकजुट प्रयास से ही प्रभावी बदलाव संभव है। हम सभी को मिलकर स्वच्छता की दिशा में आगे बढ़ना होगा। गांव स्वच्छ होगा तो देश भी स्वच्छ रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।


मुख्य अतिथि जितेंद्र वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही सेवा सेतु के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर जनपद सदस्य भावना विष्णु निषाद, मंडल महामंत्री सुरेश साहू, सोनपुर ग्राम पंचायत सरपंच संतराम कुंभकार, तरीघाट उपसरपंच प्रकाश गिरी गोस्वामी, केशव बंछोर, विद्यालय के शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


