धमधा। बाजार ग्राउंड धमधा में 29 सितंबर को गणेशोत्सव समिति धमधा द्वारा आयोजित झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। “दाई के दुलरवा नवरत्न जस झांकी परिवार, ग्राम पटपर” के कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों सहित अन्य जिलों से करीब 6,000 से 7,000 दर्शक पहुंचे।
बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए थाना धमधा पुलिस ने कार्यक्रम शुरू होने से लेकर समापन तक सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखी। संज्ञेय अपराधों की रोकथाम और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान युवा वर्ग के कुछ लोगों द्वारा पहने गए विभिन्न प्रकार के लोहे के कड़े पुलिस टीम ने निकलवाकर सुरक्षित रखवा लिए। पुलिस के अनुसार कुल 507 लोहे के कड़े सुरक्षित रखे गए। पुलिस की सतर्कता और लगातार निगरानी के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा किसी प्रकार के उपद्रव या अप्रिय घटना की जानकारी सामने नहीं आई।
पुलिस अधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यवाही में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धमधा बैजंतीमाला तिग्गा, परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक श्री दानेश्वर साह, निरीक्षक महेश ध्रुव, निरीक्षक भीष्म पिस्दा सहित थाना धमधा के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।


