- कार को टक्कर मारने के मामले में पुलिस को सौंपी गई थी मोटरसाइकिल, आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
धमधा। धमधा थाना क्षेत्र में खड़ी कार को मोटरसाइकिल से टक्कर मारने के मामले में अब एक नया और गंभीर सवाल खड़ा हो गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को पुलिस थाने में सुपुर्द किए जाने और लिखित शिकायत देने के बावजूद मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, जब शिकायतकर्ता थाने पहुंचा तो उसे कथित तौर पर सुपुर्द की गई मोटरसाइकिल मौके पर नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी की TATA Harrier क्रमांक CG 04 QC 2910 धमधा स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने खड़ी थी। इसी दौरान Hero HF Deluxe क्रमांक CG 07 CS 4624 ने कार को टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में बाइक चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और घटना के बाद मौके से चले जाने का आरोप लगाया था। साथ ही घटनास्थल के CCTV फुटेज की जांच की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के बाद संबंधित मोटरसाइकिल को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था और इस संबंध में आवेदन भी दिया गया। इसके बावजूद आज तक न तो मामले में उससे पूछताछ की गई और न ही कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट की गई।
थाने पहुंचा तो बाइक नहीं मिली
मामले में उस समय नया मोड़ आया जब शिकायतकर्ता थाने पहुंचा और सुपुर्द की गई मोटरसाइकिल के बारे में जानकारी मांगी। उसके अनुसार थाने में बाइक मौजूद नहीं थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि बाइक की चाबी थाने में मौजूद थी, लेकिन मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली।
शिकायतकर्ता के अनुसार बाइक के संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी भी उसके वर्तमान स्थान को लेकर तत्काल जानकारी नहीं दे सके। वहीं, मामले के विवेचक को भी बाइक के संबंध में जानकारी नहीं होने की बात सामने आने का दावा किया गया है।
उठ रहे कई सवाल
घटना के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि पुलिस को सुपुर्द की गई मोटरसाइकिल आखिर कहां गई? उसे किसके द्वारा और किस अनुमति से थाने से हटाया गया? वाहन की सुपुर्दगी और उसकी आवाजाही का रिकॉर्ड क्या है? क्या थाना परिसर के CCTV फुटेज में मोटरसाइकिल के आने और जाने की जानकारी दर्ज है?
शिकायतकर्ता ने मोटरसाइकिल के थाने से गायब होने की आशंका जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। हालांकि मोटरसाइकिल वास्तव में चोरी हुई है अथवा उसे पुलिस द्वारा किसी अन्य स्थान पर रखा गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस पूरे मामले में क्या स्पष्टीकरण देती है और सुपुर्द की गई मोटरसाइकिल के संबंध में क्या कार्रवाई करती है।


