आश्वासन नहीं,ठोस निर्णय चाहिए – बाबा टेक सिंह चंदेल किसान नेता
धमधा- IDBI बैंक से जुड़े ऋण माफी के लंबित प्रकरणों के निराकरण की मांग को लेकर किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक के नेतृत्व में किसानों की भूख हड़ताल जारी है। 54 किसानों के लंबित प्रकरणों के निराकरण सहित अन्य मांगों को लेकर किसान अब आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं।
किसानों की भूख हड़ताल की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी धमधा एवं तहसीलदार धमधा मौके पर पहुंचे और आंदोलनरत किसानों से चर्चा की। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि उनकी मांगों को शासन एवं उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही शासन स्तर पर इस संबंध में बातचीत करने का आश्वासन दिया गया।
लेकिन अधिकारियों के आश्वासन पर किसानों ने दो टूक जवाब दिया। किसानों ने कहा कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं चाहिए, बल्कि उनकी दो प्रमुख मांगों पर सीधा निर्णय चाहिए। किसानों का कहना है कि लंबे समय से प्रकरण लंबित हैं और बार-बार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ है।
किसानों की प्रमुख मांगों में IDBI बैंक से जुड़े 54 किसानों के ऋण माफी प्रकरणों का निराकरण तथा परसबोड़ ट्रांसफार्मर हटाने की मांग शामिल है।
किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर शासन स्तर से ठोस और स्पष्ट निर्णय नहीं आता, तब तक भूख हड़ताल समाप्त करने को लेकर कोई सहमति नहीं है।
वहीं मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और शासन स्तर पर मामले को रखा जाएगा।
अब देखना होगा कि अधिकारियों के आश्वासन के बाद शासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है। फिलहाल किसानों की भूख हड़ताल जारी है और मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है।
इस मौके पर किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल आत्मा साहू अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक मोती राम वर्मा पूर्व सरपंच, पंचराम साहू, डॉ हर्ष साहू, कमल नारायण सुपंथक,हेमराज साहू भानु साहू सुभाष साहू गोलू साहू,मनसुख साहू बिसंभर साहू एवं महिलाओ सहित सदस्य मौजूद रहे


