बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायिक कामकाज को और मजबूती मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने मंगलवार को हाईकोर्ट के लिए तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। नियुक्त किए गए न्यायिक अधिकारियों में संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार शामिल हैं।
केंद्र की मंजूरी सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद मिली है। कॉलेजियम ने 18 अगस्त 2026 को हुई बैठक में इन तीनों न्यायिक अधिकारियों को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।
14 हो जाएगी हाईकोर्ट में जजों की संख्या
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 22 पद स्वीकृत हैं। तीन नए जजों की नियुक्ति से पहले हाईकोर्ट में 11 न्यायाधीश कार्यरत थे। अब तीन नई नियुक्तियों के बाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 14 हो जाएगी।
लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी की उम्मीद
तीन नए न्यायाधीशों के आने से हाईकोर्ट के न्यायिक कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है। इससे लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने के साथ अदालत पर काम का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
नई नियुक्तियों के बाद अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

