कोरबा : कोरबा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां मोबाइल पर रील देखते समय नेटवर्क चले जाने से नाराज हुई एक महिला ने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
मामला करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव का है। मृतका की उम्र 52 वर्ष बताई जा रही है। वह अपने पति और तीन बच्चों के साथ रहती थी।
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मंगलो बाई खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान अचानक इंटरनेट नेटवर्क चला गया। काफी देर तक रील नहीं चलने पर वह नाराज हो गई।
परिजनों के मुताबिक, गुस्से में उसने मोबाइल जमीन पर पटक दिया और फोन टूट गया। इसके बाद वह कमरे में चली गई और कुछ देर बाद बाहर आई। थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।
शुरुआत में परिवार वालों ने इसे सामान्य तबीयत खराब होना समझा, लेकिन बाद में कमरे से कीटनाशक का खाली डिब्बा मिलने पर उन्हें शक हुआ कि महिला ने जहरीला पदार्थ सेवन किया है।
परिजनों ने डायल-112 की मदद से उसे करतला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर महिला को कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
मृतका के पति के मुताबिक, अस्पताल ले जाने से पहले परिवार ने गांव में चली आ रही एक पुरानी मान्यता के चलते महिला को गोबर मिला पानी पिलाया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और महिला द्वारा उठाए गए इस कदम के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
वहीं, कोरबा मेडिकल कॉलेज से सामने आए आंकड़ों ने भी चिंता बढ़ा दी है। बताया गया है कि पिछले आठ महीनों में आत्महत्या से जुड़े मामलों में 57 लोगों की मौत हुई है।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या की रोकथाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह घटना एक बार फिर बताती है कि गुस्से या तनाव के क्षण में उठाया गया कोई भी बड़ा कदम बेहद गंभीर परिणाम दे सकता है। ऐसे समय में व्यक्ति को अकेला न छोड़ें और तुरंत परिवार, भरोसेमंद व्यक्ति या विशेषज्ञ से मदद लें।

