सड़क हादसे में बुझी दो जिंदगियां, तेज रफ्तार बाइक मोड़ पर पेड़ से टकराई

कोरबा। शुक्रवार शाम दीपका थाना क्षेत्र के लिटियाखार गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो नाबालिग युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था।

मोड़ पर बेकाबू हुई बाइक

प्रारंभिक पुलिस जांच के मुताबिक लिटियाखार निवासी करण चौहान (16) बाइक चला रहा था, जबकि राजा नेटी (14) पीछे बैठा था। दोनों मोटरसाइकिल से लिटियाखार की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आए एक मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे पेड़ से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों किशोरों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे के बाद राहगीरों ने दीपका थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों किशोरों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

देर रात होने के कारण दोनों शवों को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया। शनिवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

नाबालिगों को वाहन न देने की अपील

पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर बाइक का नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 892