रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान का विशेष अवसर आने वाला है। शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के 64 उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘राज्य शिक्षक सम्मान’ से नवाजा जाएगा। राजधानी रायपुर स्थित राजभवन परिसर के छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका चयनित शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
प्रदेशभर से चुने गए 64 शिक्षक
वर्ष 2024-25 के राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कुल 64 शिक्षकों का चयन किया गया है। सम्मान पाने वालों में प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक शामिल हैं। रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर और कोरबा समेत विभिन्न जिलों से इन शिक्षकों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया है।
इन शिक्षकों को उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य, शिक्षा में किए गए नवाचार और अपने सेवाकाल के दौरान बेहतर योगदान के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
चार साहित्यकारों की स्मृति में विशेष पुरस्कार
राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के चार महान साहित्यकारों की स्मृति में विशेष ‘राज्य शिक्षक स्मृति पुरस्कार’ भी प्रदान किया जाएगा। इस श्रेणी में चार चयनित शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट नवाचारों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
यह विशेष पुरस्कार डॉ. पदुमलाल पन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. मुकुटधर पांडेय और बलदेव प्रसाद मिश्र की स्मृति में दिए जाएंगे।
प्रत्येक चयनित शिक्षक को 50 हजार रुपये की सम्मान राशि के साथ अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इस सम्मान के जरिए राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को प्रोत्साहित करने का संदेश दे रही है।

