बेमेतरा। बहिंगा में नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू के विधायक कार्यालय पहुंचकर उनका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्वीकृति से बहिंगा, बहेरघट, डंगनिया, सण्डी सहित आसपास के गांवों के किसानों को अपनी धान की उपज बेचने में बड़ी सुविधा मिलेगी। किसानों को अब दूर स्थित धान उपार्जन केन्द्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत सण्डी के सरपंच सेवाराम साहू, ग्राम पंचायत डंगनिया के सरपंच गणेश राम साहू, सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष रामकुमार साहू, ग्राम पंचायत बहिंगा के सरपंच साहेब दास, घनश्याम साहू, राम खिलावन निषाद, चंद्रिका साहू, तखत निषाद, अभिषेक शर्मा, भक्तु राम, किशन साहू, मनोज साहू, राधे निषाद एवं बिमलेश निषाद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
किसानों के प्रति विधायक दीपेश साहू का संबोधन
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने क्षेत्र के किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान हमारे प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुविधा एवं हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना मेरी जिम्मेदारी है। बहिंगा में नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्वीकृति से आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिले, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप किसानों के हित में जो भी जरूरी कदम होंगे, उन्हें प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। विधायक साहू ने कहा कि बहिंगा में नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्वीकृति क्षेत्र के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है। आने वाले समय में भी किसान हित से जुड़े विषयों को लेकर निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
नवीन धान उपार्जन केन्द्र की स्वीकृति पर किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक दीपेश साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने किसान हित में विधायक द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद एवं आभार भी व्यक्त किया।

