अब कवर्धा में भी बनेगा डॉक्टरों का भविष्य, 50 सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज शुरू

कवर्धा। कवर्धा जिले के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। कवर्धा मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ पढ़ाई शुरू हो रही है। खास बात यह है कि कॉलेज के पहले सत्र में प्रवेश लेने वाला छात्र भी कवर्धा जिले का ही निवासी है।

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने महानदी भवन, नवा रायपुर से फोन पर कवर्धा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले जिले के प्रथम छात्र हिमांशु देवांगन, निवासी सहसपुर लोहारा, से बातचीत की। उन्होंने हिमांशु को प्रवेश के लिए बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

नीट में हासिल किए 512 अंक

बातचीत के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हिमांशु से उसकी स्कूली शिक्षा, नीट परीक्षा की तैयारी और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली।

हिमांशु ने बताया कि उसने कक्षा 12वीं में 83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। वहीं नीट परीक्षा में उसे 512 अंक मिले। नीट की तैयारी के लिए उसने भिलाई में कोचिंग भी ली थी। बातचीत में हिमांशु ने मेडिकल शिक्षा को लेकर अपनी रुचि और आगे की पढ़ाई की योजनाओं के बारे में भी जानकारी साझा की।

विजय शर्मा ने बढ़ाया छात्र का हौसला

उप मुख्यमंत्री ने हिमांशु का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने छात्र को पूरी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि हिमांशु अपनी मेहनत और उपलब्धियों से माता-पिता एवं परिवार के सपनों को पूरा करने के साथ-साथ कवर्धा जिले का नाम भी रोशन करे। उन्होंने यह भी शुभकामना दी कि मेडिकल शिक्षा पूरी करने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में काम कर अनुभव हासिल करे।

विजय शर्मा ने हिमांशु को समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव बनाए रखने की भी सीख दी। उन्होंने कहा कि अपनी शिक्षा और अनुभव का उपयोग जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए करने का प्रयास करना चाहिए, ताकि सफलता का लाभ समाज और स्थानीय लोगों तक पहुंच सके।

जिले के विद्यार्थियों के लिए बढ़ा अवसर

उल्लेखनीय है कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की विशेष पहल से कवर्धा मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हो रहा है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से कवर्धा और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का नया अवसर मिलेगा।

अब जिले के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा के लिए दूसरे बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। वहीं कवर्धा मेडिकल कॉलेज के पहले सत्र में जिले के ही छात्र हिमांशु देवांगन का प्रवेश होना स्थानीय स्तर पर गर्व का विषय माना जा रहा है।

कवर्धा में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत और जिले के ही विद्यार्थी का पहला प्रवेश, दोनों उपलब्धियां जिले के लिए खास बन गई हैं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 892