रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न शासकीय विभागों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की विभागवार स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
रिक्त पदों और भर्ती प्रक्रिया की ली जानकारी
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित की जा रही भर्ती परीक्षाओं और विभागों की ओर से भेजे गए इंडेंट यानी मांग पत्रों की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग से मिली सहमति, पहले से विज्ञापित पदों की स्थिति और अब तक की गई नियुक्तियों का भी ब्योरा तलब किया।
2027 की भर्तियों पर भी हुई चर्चा
बैठक में वर्ष 2027 के लिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सभी विभागों में लागू भर्ती नियमों को अद्यतन करने की स्थिति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।
भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर
बैठक का मुख्य उद्देश्य शासकीय विभागों में भर्ती प्रक्रियाओं को गति देना, भर्ती नियमों को अपडेट करना और आने वाले वर्षों के लिए मानव संसाधन नियोजन की स्पष्ट रूपरेखा तैयार करना रहा।
बैठक में विभागवार रिक्तियों, भर्ती परीक्षाओं, नियुक्तियों और आगामी भर्ती की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई। इससे प्रदेश में सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर आने वाले समय में भर्ती प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।
कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
उच्च स्तरीय बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री एवं खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश तथा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

