कानपुर प्लेन हादसे में दो की मौत, ट्रेनर सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी की गई जान

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग के दौरान एक चार सीटों वाला डुअल इंजन विमान क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई।

कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे, जबकि अभिषेक पुजारी कर्नाटक के निवासी थे।

टेक-ऑफ के करीब 20 मिनट बाद हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से विमान ने करीब सुबह 11:30 बजे उड़ान भरी थी। इसके लगभग 20 मिनट बाद यानी 11:50 बजे विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रशासन और पुलिस की टीमें भी तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

मलबे से निकाले गए दोनों पायलट

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे से इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद घटनास्थल को सुरक्षित कर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी दे दी गई है।

DGCA की टीम करेगी हादसे की जांच

विमान दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, हादसे की तकनीकी और अन्य विस्तृत जांच DGCA की टीम करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान विमान किन परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

हादसे से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें दुर्घटनाग्रस्त विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है। घटनास्थल पर विमान का मलबा बिखरा हुआ है और एक सीट भी टूटकर बाहर पड़ी दिखाई दे रही है।

फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की जांच में जुटी हैं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 802