मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर अपनी बहन अंशुला कपूर की शादी के दौरान भावुक हो गए। अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की शादी के एक वीडियो में अर्जुन अपनी दिवंगत मां मोना शौरी कपूर को याद करते हुए भावुक नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में अभिनेता शादी समारोह में मौजूद मेहमानों के सामने स्पीच देते हुए अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए।
6 जुलाई को हुई अंशुला और रोहन की शादी
अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर ने 6 जुलाई को मुंबई में एक निजी समारोह में शादी की थी। इस शादी में परिवार के करीबी सदस्य और चुनिंदा दोस्त शामिल हुए थे। शादी समारोह में मोना शौरी कपूर की एक तस्वीर भी रखी गई थी, जिससे उनकी मौजूदगी का भावनात्मक अहसास बना रहा।
बता दें कि फिल्ममेकर बोनी कपूर की पहली पत्नी और अर्जुन-अंशुला की मां मोना शौरी कपूर का वर्ष 2012 में निधन हो गया था।
मां को याद कर भावुक हुए अर्जुन
अंशुला कपूर ने सोशल मीडिया पर शादी का एक वीडियो साझा किया है, जिसमें अर्जुन कपूर नवविवाहित जोड़े के सामने स्पीच देते नजर आ रहे हैं। अपनी मां को याद करते हुए अर्जुन की आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं।
अर्जुन ने कहा कि शादी के इस खास मौके पर उनका पूरा परिवार एक साथ मौजूद है और उनके पिता भी वहीं खड़े हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए कहा कि अगर उनकी मां इस मौके पर मौजूद होतीं, तो उन्हें शादी की हर रस्म और हर छोटी-बड़ी चीज बेहद पसंद आती।
अर्जुन ने कहा कि उनकी मां इस समारोह में खूब डांस करतीं, जश्न मनातीं और मेहमानों का खास ख्याल रखतीं। बाहर हो रही बारिश का जिक्र करते हुए उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि उन्हें लगता है कि उनकी मां भी इस मौके पर परिवार के साथ मौजूद हैं और अंशुला-रोहन को अपना आशीर्वाद दे रही हैं।
अंशुला ने भाई के लिए लिखा भावुक संदेश
अंशुला कपूर ने वीडियो शेयर करते हुए अपने भाई अर्जुन के लिए भी भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस वीडियो को कई बार देखा, लेकिन हर बार उनका ध्यान अर्जुन की ओर चला जाता है।
अंशुला ने अपने भाई के साथ बचपन की यादों को साझा करते हुए लिखा कि दोनों साथ बड़े हुए, एक-दूसरे को परेशान किया और एक-दूसरे की रक्षा भी की। उन्होंने कहा कि जिंदगी उन्हें चाहे कहीं भी ले जाए, वह हमेशा अर्जुन की छोटी बहन रहेंगी और अर्जुन उनके लिए हमेशा ‘घर’ जैसे रहेंगे।
2025 में आखिरी बार फिल्म में नजर आए थे अर्जुन
वर्कफ्रंट की बात करें तो अर्जुन कपूर को आखिरी बार वर्ष 2025 में रिलीज हुई फिल्म ‘मेरे हसबैंड की बीवी’ में देखा गया था। इस फिल्म में उनके साथ रकुल प्रीत सिंह और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिकाओं में नजर आई थीं।

