भिलाई। भिलाई के जयंती स्टेडियम में सात दिनों से चल रही शिव महापुराण कथा का रविवार को भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशिल्या देवी साय के साथ कथा स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने व्यास पीठ पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि माता कौशिल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में शिव महापुराण कथा का आयोजन होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का स्वागत करते हुए आयोजन समिति बोल बम समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में धार्मिक स्थलों के विकास पर भी जोर दिया। उन्होंने प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों और पांच शक्तिपीठों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। धार्मिक स्थलों के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
भिलाई में लगातार तीसरी बार आयोजित शिव महापुराण कथा में सात दिनों तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा के अंतिम दिन भी जयंती स्टेडियम में भक्तों की भारी भीड़ रही और धार्मिक वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में विधायक रिकेश सेन सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

