दुर्ग। दुर्ग जिले में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 माह की बच्ची की आरटी-पीसीआर जांच में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है। बच्ची को तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
बच्ची की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची और परिवार के सदस्यों तथा संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई। संक्रमण की आशंका को देखते हुए परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लिए गए हैं। वहीं, बच्ची के घर के आसपास के क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संभावित संक्रमण को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से भी सावधानी बरतने और स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, कमजोरी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। विशेष रूप से छोटे बच्चों और अन्य संवेदनशील लोगों में ऐसे लक्षणों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

