दुर्ग। रक्षाबंधन और तीज पर्व को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। ‘बने खाबो, बने रहिबो’ अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पावर हाउस स्थित मुस्कान फूड प्रोडक्ट में छापामार कार्रवाई की।
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान से बेसन बर्फी का नमूना लिया। इसके साथ ही मैसूर पाक का नमूना भी गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इन नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
कार्रवाई के दौरान टीम को प्रतिष्ठान का वैध खाद्य लाइसेंस/पंजीयन नहीं मिला। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की और प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

खाद्य विभाग के अनुसार, इससे पहले 17 अगस्त को भी जिले के दो अन्य प्रतिष्ठानों से संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए थे। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।

