बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बर्तन बेचने की आड़ में चोरी करने वाला बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों का भी खुलासा

बेमेतरा । बेमेतरा पुलिस ने चोरी के एक मामले की जांच के दौरान अत्याधुनिक तकनीकी विश्लेषण की मदद से एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बर्तन बेचने की आड़ में अलग-अलग इलाकों में घूमकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। जांच में उसके द्वारा भारत में कथित तौर पर फर्जी पहचान दस्तावेज बनवाकर रहने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भापुसे) के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा क्षेत्र के सिंघौरी में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी मोहम्मद सुमोन खान (24) की पहचान बांग्लादेशी नागरिक के रूप में होने की जानकारी मिली।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से रुस्तमनगर, थाना पार्वतीपुर, जिला दिनाजपुर, डिवीजन रंगपुर, बांग्लादेश का रहने वाला है। पुलिस का दावा है कि भारत में प्रवेश करने के बाद उसने कर्नाटक में कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित पहचान संबंधी दस्तावेज तैयार करवाए और इसके बाद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र तथा कर्नाटक में अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी और अन्य अपराध किए।

बर्तन बेचने के नाम पर किराए का मकान, फिर चोरी

पूछताछ में पुलिस को आरोपी के कथित तरीके-ए-वारदात के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के भारत में रह रहा था। वह अलग-अलग जिलों में बर्तन बेचने के नाम पर किराए से मकान लेता और गांवों, गलियों तथा मोहल्लों में घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जिस इलाके में किराए से रहता था, वहां चोरी की वारदातें करता था। इस दौरान उसके अन्य साथी भी उसके पास आते थे और उनके साथ मिलकर भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आई है।

कई राज्यों में नेटवर्क की तलाश

बेमेतरा पुलिस ने आरोपी से जुड़े अन्य संदिग्धों और अपराधियों की तलाश के लिए विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं संबंधित जिलों से संपर्क किया है। पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और ओडिशा के करीब 14 जिलों से जानकारी साझा की जा रही है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के साथ चोरी की वारदातों में कौन-कौन लोग शामिल थे और अलग-अलग राज्यों में उसका नेटवर्क कितना सक्रिय था।

सात से ज्यादा आपराधिक मामलों में नाम

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली और राजनांदगांव जिले के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट से जुड़े करीब सात प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी वर्ष 2019 में बेमेतरा में चोरी, कवर्धा में कई चोरी की घटनाओं, वर्ष 2022 में राजनांदगांव में चोरी, कर्नाटक में लूट तथा नागपुर में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। जुलाई 2026 में जेल से रिहा होने के बाद वह कथित तौर पर दोबारा बेमेतरा के चोरी के मामले में गिरफ्तार हुआ है।

पुलिस ने मकान मालिकों से की अपील

बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों और मकान मालिकों से अपील की है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को किराए पर मकान देने से पहले उसकी पूरी जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन जरूर करें। साथ ही किराएदार की जानकारी नजदीकी थाने में देना भी सुनिश्चित करें।

पुलिस ने कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति, महिला या बच्चों सहित संदिग्ध परिस्थितियों में आकर रह रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। बेमेतरा पुलिस ने इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश कुमार यादव, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 756