पहाड़ों पर आफत बनी भारी बारिश, उत्तराखंड में जनजीवन प्रभावित; मौसम विभाग की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। देहरादून में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और कुछ घरों में पानी घुस गया। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को 12वीं कक्षा तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।

देहरादून में कई इलाकों में जलभराव

सोमवार देर रात तक देहरादून के कई हिस्सों में तेज बारिश होती रही। पटेलनगर, प्रिंस चौक, क्रॉस रोड, डीएल रोड, आर्यनगर, सहस्रधारा रोड और दून अस्पताल के बाहर पानी भर गया। नकरौंदा और इंदिरापुरम से भी सड़क पर जलभराव की सूचना मिली। डालनवाला में भाजपा कार्यालय के पास नाली चोक होने के कारण पानी सड़क पर जमा हो गया।

सालावाला क्षेत्र में एक घर में बारिश का पानी घुस गया। जलभराव के कारण कई जगह यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

क्विक रिस्पॉन्स टीमों ने संभाला मोर्चा

जलभराव की शिकायतें मिलने के बाद दून नगर निगम के आपदा कंट्रोल रूम से प्रभावित क्षेत्रों में क्विक रिस्पॉन्स टीमें भेजी गईं। टीमों ने पानी की निकासी और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि जिन क्षेत्रों से जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल टीमें भेजी जा रही हैं।

छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर फिलहाल जारी रहेगा। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

सोमवार को देहरादून में भी कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मालदेवता में 62.5 मिमी, हाथीबड़कला में 51.5 मिमी और सहस्रधारा आईटीआई क्षेत्र में करीब 51 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश को देखते हुए स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए डीएम डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को देहरादून जिले में 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के बाद आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है।

कई जगह पुश्ते टूटे, प्रभावितों ने मांगी राहत

लगातार बारिश के कारण देहरादून के कई इलाकों में पुश्तों के टूटने से भी नुकसान हुआ है। बस्ती बचाओ आंदोलन के तहत प्रभावित परिवारों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल राहत, क्षतिग्रस्त पुश्तों के पुनर्निर्माण और मुआवजे की मांग की है।

गांधीग्राम, लोहियानगर, ब्रह्मपुरी, देवर्षि एन्क्लेव, खुड़बुड़ा मोहल्ला और संगम विहार में नुकसान की जानकारी सामने आई है। आंदोलन के संयोजक अनंत आकाश के अनुसार, जिले में तीन भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई अन्य घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759