बाल और त्वचा को रखना है खूबसूरत? रोजाना करें करी पत्ते का सेवन

Curry Leaves : खूबसूरत और स्वस्थ बालों के साथ निखरी त्वचा हर किसी की चाहत होती है। इसके लिए महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स के साथ-साथ खान-पान और घरेलू देखभाल पर ध्यान देना भी जरूरी है। करी पत्ता सिर्फ खाने का स्वाद और खुशबू बढ़ाने वाला मसाला नहीं है, बल्कि इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और आयरन त्वचा और बालों की देखभाल में मदद कर सकते हैं। इसे डाइट के साथ-साथ घरेलू हेयर और स्किन केयर में भी शामिल किया जा सकता है।

चमकदार त्वचा के लिए करी पत्ते का फेस मास्क

पिंपल्स, टैनिंग और दाग-धब्बों जैसी त्वचा संबंधी परेशानियों के लिए करी पत्ते से बना फेस मास्क इस्तेमाल किया जाता है। इसके लिए 10 से 15 ताजे करी पत्तों को धोकर पीस लें। इसमें एक चम्मच दही और एक चुटकी हल्दी मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे चेहरे पर करीब 15 से 20 मिनट लगाकर पानी से धो लें। संवेदनशील त्वचा वाले लोग पहले पैच टेस्ट जरूर करें।

नरम त्वचा के लिए घरेलू फेस सीरम

करी पत्ते से घरेलू फेस सीरम भी तैयार किया जा सकता है। इसके लिए करीब 15 करी पत्तों को गुलाब जल के साथ पीसकर छान लें। इसमें एलोवेरा जेल मिलाएं। रात में सोने से पहले इसकी थोड़ी मात्रा चेहरे पर लगाई जा सकती है। हालांकि, नींबू का रस त्वचा में जलन या संवेदनशीलता बढ़ा सकता है, इसलिए इसे चेहरे पर लगाने से पहले सावधानी बरतें और पैच टेस्ट करें।

बालों की देखभाल के लिए करी पत्ते का तेल

बालों की जड़ों को पोषण देने के लिए करी पत्ते और नारियल तेल का इस्तेमाल किया जाता है। आधा कटोरी नारियल तेल में करीब 20 करी पत्ते डालकर हल्का गर्म करें। तेल ठंडा होने के बाद इसे छान लें और स्कैल्प पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। यह बालों की कंडीशनिंग में मदद कर सकता है, लेकिन हेयर फॉल के कई कारण हो सकते हैं, इसलिए लगातार बाल झड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है।

शाइनी बालों के लिए हेयर मास्क

बालों को मुलायम और चमकदार बनाने के लिए करी पत्ते का हेयर मास्क भी लगाया जा सकता है। इसके लिए 15 से 20 करी पत्तों में दो चम्मच दही या नारियल तेल और एक चम्मच रातभर भिगोए हुए मेथी दाने मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे स्कैल्प और बालों की लंबाई पर लगाएं और करीब 30 मिनट बाद हल्के शैंपू से धो लें।

डैंड्रफ और ड्राई स्कैल्प में भी कर सकते हैं इस्तेमाल

रूसी या ड्राई स्कैल्प की समस्या में करी पत्ते का पेस्ट और दही इस्तेमाल किया जाता है। करीब 20 से 23 करी पत्तों को पीसकर उसमें जरूरत के अनुसार दही मिलाएं। इस मिश्रण को स्कैल्प पर लगाकर करीब 30 मिनट बाद धो लें। अगर डैंड्रफ लगातार बना रहता है, खुजली या लालिमा होती है, तो घरेलू नुस्खों के बजाय त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना उचित है।

ध्यान रखें: घरेलू नुस्खे हर व्यक्ति की त्वचा और बालों पर एक जैसा असर नहीं करते। किसी भी मिश्रण को चेहरे या स्कैल्प पर लगाने से पहले छोटे हिस्से पर पैच टेस्ट करें। गंभीर त्वचा या बालों की समस्या होने पर विशेषज्ञ की सलाह लें।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759