TISS ने बदला चीफ गेस्ट, CJI सूर्यकांत की जगह टाटा मेमोरियल के डायरेक्टर को न्योता

मुंबई टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) के 86वें दीक्षांत समारोह में बड़ा बदलाव किया गया है। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत अब समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल नहीं होंगे। संस्थान ने आखिरी वक्त में मुख्य अतिथि का नाम बदलते हुए टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सी. एस. प्रमेश को आमंत्रित किया है। दीक्षांत समारोह अब 22 अगस्त 2026 को मुंबई के देओनार स्थित TISS के नौरोजी कैंपस में आयोजित किया जाएगा।

पहले 2 अगस्त को होना था समारोह

TISS का 86वां दीक्षांत समारोह पहले 2 अगस्त को आयोजित किया जाना था। उस कार्यक्रम में CJI जस्टिस सूर्यकांत को मुख्य अतिथि और बॉम्बे हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रविंद्र घुगे को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। हालांकि, समारोह से करीब 48 घंटे पहले संस्थान ने ईमेल के जरिए कार्यक्रम स्थगित किए जाने की जानकारी दी थी। TISS ने इसके लिए “अप्रत्याशित परिस्थितियों” को कारण बताया था।

विरोध की आशंका के बीच स्थगित हुआ था कार्यक्रम

कैंपस से जुड़े सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को समारोह के दौरान विरोध प्रदर्शन या किसी तरह की बाधा उत्पन्न होने की आशंका थी। रिपोर्टों में दावा किया गया कि जस्टिस सूर्यकांत की बेरोजगार युवाओं को लेकर की गई “कॉकरोच” टिप्पणी को हालिया छात्र प्रदर्शनों से जोड़कर देखा जा रहा था। हालांकि, TISS की ओर से समारोह स्थगित किए जाने के पीछे आधिकारिक तौर पर केवल “अप्रत्याशित परिस्थितियों” का ही हवाला दिया गया था।

अब डॉ. सी. एस. प्रमेश होंगे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम के नए कार्यक्रम के अनुसार अब टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. सी. एस. प्रमेश दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में देशभर के TISS कैंपस से स्नातक होने वाले छात्र हिस्सा लेंगे।

CJI सूर्यकांत को लेकर पहले भी हुआ विवाद

CJI सूर्यकांत को विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि बनाए जाने को लेकर हाल के दिनों में बहस देखने को मिली है। हैदराबाद स्थित NALSAR यूनिवर्सिटी में 2026 बैच के 450 से अधिक छात्रों ने CJI सूर्यकांत को दीक्षांत समारोह का मुख्य अतिथि बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) की कार्रवाई और आगे लिए गए फैसलों को लेकर भी विवाद सामने आया था। ऐसे में TISS द्वारा मुख्य अतिथि बदले जाने के फैसले ने एक बार फिर इस मुद्दे को चर्चा में ला दिया है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759