खैरागढ़। बारिश के मौसम से पहले मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती के बाद अब बारिश के दौरान भी लंबी बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। पांडादाह क्षेत्र के करीब 20 गांवों में 8 अगस्त को सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली नहीं होने से ग्रामीण बेहाल रहे, वहीं खेती-किसानी से जुड़े काम भी प्रभावित हुए।
रात करीब 9 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद कई इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई। इससे परेशान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं की जानकारी जिला पंचायत सभापति अरुणा सिंह बनाफर को दी।
ग्रामीणों की शिकायत पर अरुणा सिंह बनाफर ने पांडादाह विद्युत वितरण केंद्र में फोन कर अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया। काफी देर तक स्थिति में सुधार नहीं होने पर वह रात करीब 9:30 बजे स्वयं खैरागढ़ स्थित विद्युत वितरण केंद्र पहुंचीं। यहां उन्होंने कनिष्ठ अभियंता और कर्मचारियों को बिजली व्यवस्था को लेकर जमकर फटकार लगाई।
इसके बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति को व्यवस्थित किया। अरुणा सिंह बनाफर ने कहा कि क्षेत्र में बिजली की समस्या कोई नई बात नहीं है, बल्कि आए दिन ग्रामीणों को इसका सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके स्वयं के घर में भी लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों के साथ विद्युत विभाग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।

