दुर्ग कलेक्टर से मिले आईडीबीआई बैंक पीड़ित किसान

  • जल्द न्यायसंगत कार्रवाई का मिला आश्वासन – बाबा टेक सिंह चंदेल किसान नेता

धमधा। आईडीबीआई बैंक, नेहरू नगर भिलाई,चरोदा भिलाई,दुर्ग शाखा से कृषि ऋण लेने वाले ग्राम खपरी ,परसबोड़, कुटहा, पेंड्री एवं खैरझीटी के पीड़ित किसानों ने किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल के नेतृत्व में जिला कलेक्टर दुर्ग से मुलाकात की। इस दौरान किसानों ने ऋणमाफी से जुड़े पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए पूर्व में कलेक्टर द्वारा मांगी गई सूची भी सौंप दी।

किसानों ने बताया कि पिछली बैठक में कलेक्टर द्वारा निर्देश दिया गया था कि जिन किसानों का ऋणमाफ हुआ है तथा जिन किसानों को ऋणमाफी का लाभ नहीं मिला है, उनकी नामवार सूची बकाया राशि सहित उपलब्ध कराई जाए। इसी निर्देश के पालन में किसानों ने दोनों सूचियां कलेक्टर को सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

कलेक्टर ने किसानों की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि पूरे प्रकरण की जल्द ही न्यायसंगत एवं निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही पात्र किसानों के हितों की रक्षा करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि किसान बंधु संगठन लगातार किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है और किसानों की समस्याओं को निरंतर जिला प्रशासन के संज्ञान में लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन के सतत प्रयासों से पूर्व में लगभग 40 वर्षों से लंबित किसानों के मुआवजे का भी निराकरण हुआ था।

बाबा टेक सिंह चंदेल ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में आईडीबीआई बैंक के कृषि ऋण संकट से जूझ रहे किसानों को भी न्याय दिलाने के लिए संगठन पूरी मजबूती से प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से सकारात्मक आश्वासन मिला है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि इस मामले में भी किसानों को राहत मिलेगी तथा पात्र किसानों को ऋणमाफी का लाभ सुनिश्चित कराया जाएगा।

किसानों ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक ऋण वसूली, कुर्की एवं भूमि नीलामी जैसी कार्रवाई पर रोक लगाई जाए तथा वर्ष 2018 के एनपीए खातों की निष्पक्ष जांच कर सभी पात्र किसानों को ऋणमाफी योजना का लाभ दिया जाए।

 मौके पर किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल, आत्मा साहू अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक, डॉ जोहान वर्मा पूर्व जनपद सदस्य ,पंचराम साहू,दुवासू साहू,हर्ष साहू, नेतु साहू,भानु साहू,सुभाष साहू,गोलू साहू इत्यादि किसान मौजूद रहे।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 757