धमधा : धमधा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल पेंड्रावन में आज मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। यह कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में साजा के पूर्व विधायक श्री लाभचंद बाफना उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल धमधा के अध्यक्ष श्री लोकेन्द्र ब्रह्मभट्ट ने की।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक मौजूद रहे। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।


मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाना तथा उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। यह योजना छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे मजबूत आधार है और बेटियों की शिक्षा पर किया गया निवेश समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

