पत्नी से विवाद के बाद आरक्षक ने उठाया आत्मघाती कदम, जांच तेज

रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित अमलीडीह के सरकारी क्वार्टर में ट्रैफिक डीसीपी अर्चना झा के गनमैन और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान कुलदीप मिश्रा ने कथित तौर पर जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

जहर खाने से पहले बनाया वीडियो

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जवान ने जहर सेवन करने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने अपनी पत्नी के साथ चल रहे विवाद का जिक्र किया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और उसकी सत्यता की जांच की जा रही है।

साथियों को फोन कर दी थी जानकारी

बताया गया कि कुलदीप मिश्रा ने जहर खाने के बाद अपने साथियों को फोन कर अपनी हालत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही साथी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

2013 में हुई थी सशस्त्र बल में भर्ती

मृतक कुलदीप मिश्रा वर्ष 2013 में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी ट्रैफिक डीसीपी अर्चना झा के गनमैन के रूप में लगी हुई थी। उनकी असामयिक मौत से पुलिस विभाग और सहकर्मियों में शोक का माहौल है।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन, वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय मृतक की पत्नी घर पर मौजूद थी। देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच जहर सेवन करने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उल्टी होने लगी, जिसके बाद दोस्तों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति स्पष्ट पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759