दुर्ग : दुर्ग जिले के भिलाई स्थित खुर्सीपार थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। गरीब लोगों के गिरवी रखे सोने के जेवरात हड़पने के आरोप में खुर्सीपार पुलिस ने एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड पार्षद भूपेन्द्र यादव ने 30 जुलाई 2026 को थाना खुर्सीपार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2025 में आर्थिक आवश्यकता के चलते उन्होंने अपनी पत्नी के 44.300 ग्राम सोने के जेवरात जय मातादी ज्वेलर्स, सुभाष मार्केट, खुर्सीपार के संचालक अमित सोनी के पास 4 लाख 50 हजार रुपये के बदले गिरवी रखे थे।
बाद में जब भूपेन्द्र यादव गिरवी राशि लेकर अपने जेवरात वापस लेने पहुंचे, तो आरोपी ने रकम प्राप्त करने के बावजूद लगातार बहाने बनाकर उन्हें टालता रहा। न तो सोने के जेवरात लौटाए गए और न ही राशि वापस की गई।
शिकायत के आधार पर थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 312/2026 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपी द्वारा विश्वास का दुरुपयोग कर बेईमानीपूर्वक संपत्ति हड़पने के आरोप सही पाए जाने पर अमित सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का तरीका यह था कि वह आर्थिक जरूरतमंद लोगों से सोने के जेवर गिरवी रखवाता था और बाद में गिरवी राशि मिलने के बावजूद जेवर वापस नहीं करता था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण केवट एवं खुर्सीपार थाना पुलिस की सराहनीय भूमिका रही। मामले की विवेचना अभी जारी है।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इसी प्रकार अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की गई है। ऐसी ही ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए जुड़े रहिए CG आवाज़ न्यूज़ के साथ।

