भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की कार का एक्सीडेंट हो गया है, जिसमें वह घायल हो गए हैं और उन्हें शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है. बताया जा रहा है कि वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम गए थे, जहां से लौटते समय से यह हादसा हुआ है.
छत्तीसगढ़ से एक बुरी खबर सामने आई है, जब सड़क हादसे में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव घायल हो गए हैं. उन्हें झांसी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है और डॉक्टर्स की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौटते समय हादसा हुआ है.
यूपी के झांसी से सटे ललितपुर में बुधवार दोपहर NH-44 (राष्ट्रीय राजमार्ग-44 ) पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, क्योंकि सामने से आई कार ने अचानक कट मारा. इसी वजह से एक्सीडेंट हो गया और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में उन्हें शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं. खास कर उन्हें कमर में काफी दिक्कत है. इसके अलावा पीएसओ, पीए और ड्राइवर को भी मामूली चोटें आई हैं. वहीं काफिले की दूसरी गाडियां सुरक्षित हैं.

