दुर्ग। सुपेला थाना पुलिस ने धारदार हथियार दिखाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले एक आदतन बदमाश को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को पीड़ित ने सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 जुलाई की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले का निवासी राहुल यादव (26 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखा धारदार हथियार दिखाकर डराने लगा।
इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे रूपचंद रात्रे के साथ भी आरोपी ने हाथापाई की।
शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1073/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 119 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी के आदतन अपराधी होने के कारण उसके विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह, पीएसआई अक्षय साहु, प्रधान आरक्षक अभय शुक्ला तथा आरक्षक धर्मेन्द्र सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मारपीट, धमकी या किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

