गुरु पूर्णिमा पर शिरडी साईं बाबा को 1.03 करोड़ रुपये का स्वर्ण मुकुट भेंट, भक्तों में श्रद्धा का अनोखा उदाहरण

शिरडी आषाढ़ी गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल है। इस खास दिन शिरडी स्थित साईं बाबा मंदिर में एक भक्त ने अपनी अनूठी श्रद्धा का परिचय देते हुए साईं बाबा को करीब 1.03 करोड़ रुपये मूल्य का स्वर्ण मुकुट गुरु-दक्षिणा के रूप में भेंट किया। मुकुट का अनावरण होते ही मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ इसका स्वागत किया।

यह स्वर्ण मुकुट आंध्र प्रदेश के वेल्लोर निवासी श्रीनिवास राव ने साईं बाबा को समर्पित किया है। मुकुट का वजन 642 ग्राम है और इसे बेहद आकर्षक ढंग से तैयार किया गया है। इसमें नवग्रहों की बारीक नक्काशी की गई है तथा इसे अमेरिकन डायमंड्स से सजाया गया है, जिससे इसकी भव्यता और भी बढ़ गई है।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, गुरु पूर्णिमा महोत्सव के मुख्य दिन साईं बाबा की प्रतिमा को यही स्वर्ण मुकुट धारण कराया जाएगा। मुकुट की भव्यता और भक्त की आस्था इन दिनों श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।

गौरतलब है कि शिरडी साईं बाबा मंदिर में भक्त समय-समय पर सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं अर्पित करते रहे हैं। हालांकि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर करोड़ों रुपये मूल्य का यह स्वर्ण मुकुट एक बार फिर भक्तों की अटूट श्रद्धा और साईं बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था का प्रतीक बन गया है। यह भेंट केवल एक कीमती मुकुट नहीं, बल्कि गुरु और ईश्वर के प्रति समर्पण और विश्वास की अनमोल अभिव्यक्ति मानी जा रही है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 773