छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, कई जिलों में झमाझम बारिश; भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे कम दबाव (डिप्रेशन) के असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

प्रदेश के कोरबा में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं धमतरी में भी तेज बारिश के कारण कई क्षेत्रों में पानी भर गया, हालांकि बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। विभाग ने नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान पेंड्रारोड में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 48 घंटों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे मौसम और अधिक सुहावना होने की संभावना है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 782