साजा विधायक ईश्वर साहू के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी, भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश सौंपा धमधा थाना को ज्ञापन

धमधा | सीजी आवाज़ न्यूज : साजा विधानसभा के विधायक ईश्वर साहू के विरुद्ध सोशल मीडिया पर कथित अभद्र एवं मानहानिकारक टिप्पणी किए जाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी धमधा मंडल के अध्यक्ष लोकेंद्र ब्रह्मभट्ट के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को थाना प्रभारी धमधा को लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि BmT Times के फेसबुक पेज पर प्रकाशित एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में राजीव गुप्ता नामक व्यक्ति द्वारा विधायक ईश्वर साहू के संबंध में कमजोर और निकम्मे जैसे अभद्र एवं मानहानिकारक टिप्पणी की गई। भाजपा पदाधिकारीयो का कहना है कि इस प्रकार की टिप्पणी न केवल एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की भावनाओं को भी आहत करती है तथा क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न करती है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस प्रकार की आपत्तिजनक सोशल मीडिया टिप्पणियों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में संलग्न किया गया है।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष  लोकेंद्र ब्रह्मभट्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष  रमन लाल यादव, नगर पंचायत उपाध्यक्ष  बृजेन्द्र दानी, विधायक प्रतिनिधि  आरूणी दानी, सांसद प्रतिनिधि  नरेश चन्द्र साहू, भाजपा मंडल महामंत्री  बनऊ वर्मा, एल्डरमैन  मन्ना महोबिया, एल्डरमैन  तुलसी पटेल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष  देवनाथ सिन्हा, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष  जितेन्द्र साहू, भाजयुमो महामंत्री  योगेश बंजारे,  गिरधारी साहू, भाजयुमो उपाध्यक्ष  रामसिंग साहू, ओबीसी मोर्चा महामंत्री  स्वरुप ताम्रकार,  भूषण लाल धीवर,  दिनेश यादव,  पवन देवांगन,  सागर वर्मा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जांच के उपरांत की जाएगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 389