हैदराबाद में आईपीएल ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 13 आरोपी गिरफ्तार

Durg Police ने आईपीएल ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हैदराबाद में संचालित अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। छावनी थाना एवं एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल, 23 पासबुक, 107 एटीएम कार्ड, करीब 20 सिम कार्ड और 2 लाख 57 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस जांच में करीब 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है। मामले में संगठित अपराध की धाराएं लगाई गई हैं तथा आरोपियों की संपत्ति का ब्यौरा भी खंगाला जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को विभिन्न बैंक खातों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह स्लम एरिया और अन्य लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनकी पासबुक, एटीएम, चेकबुक और सिम कार्ड 25 हजार रुपये प्रति खाते के हिसाब से खरीदता था। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में रकम जमा और निकासी के लिए किया जाता था।

जांच में सामने आया कि कुरूद निवासी कुणाल वर्मा इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वह पैनल खरीदकर म्यूल अकाउंट की व्यवस्था करता था और “Sat Sport Book” सहित अन्य ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म संचालित कर रहा था। पुलिस के मुताबिक हैदराबाद के अल्फापुरम स्थित एसएस रेसिडेंसी और शमशाबाद की नक्षत्र सोसायटी से आईपीएल सट्टा ऑपरेट किया जा रहा था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने विक्की साहू, अभिषेक भारती, गुफरान खान, राजकुमार पासवान, तुकेश्वर साहू, जेद खान, के. श्रीनू, शेख सद्दाम, विकास राय, विकास निषाद, रोहित चौहान, कुणाल वर्मा और प्रतीक पटेल को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आईपीएल सीजन 2026 के दौरान ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ अब तक 14 बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। वहीं, जब्त खातों से जुड़े 63 साइबर शिकायतों की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।

मामले में थाना छावनी में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 351