बेमेतरा में जनगणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर ने दी सख्त हिदायत, सुशासन तिहार की तैयारियों की समीक्षा

रिपोर्टर: विमलेश द्विवेदी बेमेतरा
जिले में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष दिशा भवन में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जनगणना से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखें। समय-सीमा के भीतर डेटा संग्रह और सत्यापन का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जाए, ताकि डिजिटल डेटा प्रविष्टि में त्रुटि न हो। साथ ही जनसंपर्क विभाग को आमजन में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिक सही जानकारी देकर इस कार्य में सहयोग करें।

राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की नियमित निगरानी कर साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है।

गर्मी को देखते हुए विशेष व्यवस्था के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य के दौरान गर्मी को ध्यान में रखते हुए शिविर स्थलों पर पेयजल, छाया और मेडिकल किट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यथासंभव शिविर छायादार स्थानों पर लगाए जाएं, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सुशासन तिहार को लेकर भी तैयारी तेज
बैठक में ‘सुशासन तिहार’ के आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिकता न होकर आम जनता तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का माध्यम बने।

उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना जैसी हितग्राही मूलक योजनाओं का मौके पर ही निराकरण और वितरण सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा जिले में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों के लोकार्पण और नए कार्यों के भूमिपूजन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा आयोजन स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभागवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए उन्हें जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की हिदायत दी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, सभी एसडीएम, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 351