धमधा में कांग्रेस का प्रदर्शन: आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वालों पर FIR की मांग

धमधा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक एवं एआई-जनरेटेड वीडियो पोस्ट किए जाने के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने संबंधित इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इंस्टाग्राम आईडी @congress_polkhol द्वारा भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए गए हैं, जिन्हें @randomchhattisgarh आईडी के साथ मिलकर व्यापक रूप से प्रसारित किया जा रहा है। इन वीडियो में पाटन विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के खिलाफ कथित रूप से गलत एवं चरित्र हनन करने वाली सामग्री दिखाई गई है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह न केवल एक व्यक्ति की छवि धूमिल करने का प्रयास है, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने और राजनीतिक माहौल को खराब करने की साजिश भी हो सकती है। इस मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित इंस्टाग्राम आईडी संचालकों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, आरोपियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, आपत्तिजनक वीडियो हटाकर संबंधित आईडी को स्थायी रूप से बैन किया जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की फेक एवं एआई जनित सामग्री पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शमशीर कुरैशी, जीवन निर्मलकर, जितेंद्र वर्मा, ज्वाला साहू, रामकुमार, अरुण साहू, सुमंत ताम्रकार, निर्मल जैन, आरिफ कुरैशी, अग्नू पाल, चंद्रशेखर वर्मा, डामन वर्मा, देवनाथ सोनकर, टीकाराम उमरे, त्रिलोकी पटेल, संतोष साहू, महेश कुमार, दशरथ साहू, ठाकुर राम, टोमन साहू, भारत भूषण सोनवानी, लुमेश्वर पटेल, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष राज पटेल, रजत नायक, धर्मेंद्र साहू, अमित पटेल, राजेश मानिकपुरी, कलीम मोहम्मद कुरैशी, होरीलाल साहू, देवेंद्र साहू, अरुण साहू, रोमन साहू, दुलेश्वर साहू, जगन्नाथ पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 351