दुर्ग। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन ने मंगलवार को दुर्ग में जन-आक्रोश मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। गठबंधन के संयुक्त नेतृत्व में निकाले गए मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं और मताधिकार की रक्षा को लेकर नारेबाजी की।
मार्च की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा से हुई, जो कलेक्टोरेट तक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर मनमानी करने और संवैधानिक संस्थाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठाई।
पटेल चौक पर पुतला दहन
मार्च के दौरान पटेल चौक पर पुलिस की बैरिकेडिंग के बीच प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया। मौके पर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बैरिकेडिंग को लेकर स्थिति भी बनी रही।
इसके बाद इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा मुद्दा है। गठबंधन नेताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई।


