बस्तर-सरगुजा के दूरस्थ गांवों तक बैंकिंग नेटवर्क बढ़ाएं: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि एचडीएफसी बैंक ने छत्तीसगढ़ में अपनी सेवाओं के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने बैंक के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में तैयार किए गए विशेष लोगो का विमोचन किया और बैंक प्रबंधन, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा ग्राहकों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति में मजबूत और सर्वसुलभ बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है। आधुनिक और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक भी पहुंचना जरूरी है।

उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा अंचल के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का बड़ा हिस्सा ग्रामीण और जनजातीय बहुल है। ऐसे क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ने से नागरिकों को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के अवसर मिलेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक आसानी से मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के नजदीक बैंकिंग सुविधा उपलब्ध होने से लोगों का समय और संसाधन बचता है। साथ ही बचत, ऋण, बीमा, डिजिटल भुगतान और अन्य वित्तीय सेवाओं तक पहुंच आसान होती है। इससे ग्रामीण परिवारों के आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा मिल सकता है।

उन्होंने कहा कि किसानों को कृषि गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता, युवाओं को स्वरोजगार और उद्यम के लिए ऋण तथा छोटे व्यापारियों को कारोबार विस्तार के लिए पूंजी उपलब्ध कराने में बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है।

मुख्यमंत्री साय ने महिला स्व-सहायता समूहों का उल्लेख करते हुए कहा कि बैंक इन समूहों तक ऋण, वित्तीय साक्षरता और अन्य बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच मजबूत करें तो महिलाओं की उद्यमशीलता को और गति मिल सकती है।

उन्होंने वित्तीय साक्षरता बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के साथ नागरिकों को डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित लेन-देन, बचत, बीमा और वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सरकार के साथ निजी क्षेत्र और वित्तीय संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एचडीएफसी बैंक आने वाले समय में शहरों के साथ गांवों और विशेष रूप से बस्तर एवं सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में अपनी पहुंच बढ़ाएगा।

इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, एचडीएफसी बैंक के ग्रुप हेड अरुण मेदीरत्ता, ब्रांच बैंकिंग हेड सेंट्रल इंडिया प्रतीक शर्मा सहित बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1326