भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में लगातार हो रही भारी बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। कोलार के दानिशकुंज इलाके में शुक्रवार को बारिश के बीच आम्रवेली परिसर के बाहर मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने से वहां खड़े तीन वाहन गहरे गड्ढे में जा गिरे। बाद में क्रेन की मदद से तीनों वाहनों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और रहवासियों ने निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए हैं।
सड़क धंसने से मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, दानिशकुंज स्थित 8 मंजिला आम्रवेली परिसर के बाहर अचानक सड़क का हिस्सा धंस गया। देखते ही देखते वहां खड़े तीन वाहन गड्ढे में समा गए। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद क्रेन की सहायता से वाहनों को बाहर निकाला गया।
घटना के बाद परिसर में रहने वाले लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। रहवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था की गुणवत्ता की जांच की जानी चाहिए।
लगातार बारिश से तापमान में गिरावट
भोपाल सहित प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण राजधानी के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री कम होकर 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार सुबह से शाम के बीच राजधानी में 18 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
लबालब हुआ बड़ा तालाब, भदभदा डैम का गेट खोला
लगातार बारिश के कारण भोपाल का बड़ा तालाब भी अपने पूर्ण जलस्तर 1666.80 फीट तक पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए भदभदा डैम का गेट खोला गया।
महापौर मालती राय ने पूजा-अर्चना के बाद शाम को डैम का गेट नंबर 6 खुलवाया। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए आगे भी स्थिति के अनुसार पानी की निकासी की जा सकती है।
कई जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी बंद
भारी बारिश को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। ग्वालियर, चंबल और मध्य क्षेत्र के श्योपुर, शिवपुरी, गुना, मुरैना, भिंड और ग्वालियर में नर्सरी से कक्षा 8वीं एवं 12वीं तक के सरकारी और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित किया गया है।
लगातार बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की है।

