दुर्ग। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विगत 15 दिनों से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत यातायात पुलिस दुर्ग एवं संबंधित नगर निगम की संयुक्त टीम नेशनल हाईवे, सर्विस रोड एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर विचरण करने वाले गौवंश को चिन्हित कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान अब तक 1831 गौवंश को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर अचानक आने वाले गौवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है। मुख्य मार्गों से गौवंश को हटाए जाने से जहां उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा मिल रही है, वहीं वाहन चालकों के लिए अचानक उत्पन्न होने वाले खतरे को भी कम किया जा रहा है। इससे यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने में भी मदद मिल रही है।
यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सड़क पर पाए जाने वाले गौवंश को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने गौवंश को सड़क पर खुला न छोड़ें। वहीं आम नागरिकों से भी आग्रह किया गया है कि सड़क पर गौवंश दिखाई देने पर यातायात पुलिस अथवा संबंधित नगर निगम को सूचना देकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।

