दुर्ग। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में उतई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम डुमरडीह के मीलपारा में घेराबंदी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1.602 किलोग्राम गांजा और ₹1,550 नगद बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को थाना उतई को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि सोम चंदेल निवासी डुमरडीह अपने घर से लगे आंगन में गांजा बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल मीलपारा डुमरडीह पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर उसे पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोम चंदेल, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 18, मीलपारा डुमरडीह बताया। गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास रखे क्रीम रंग के थैले से 1.602 किलोग्राम गांजा तथा ₹1,550 नगद बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर जप्ती की वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मादक पदार्थ और नगद राशि को जप्त किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 427/2026 दर्ज कर NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा अपने निवास से लगे स्थान पर गांजा रखकर अवैध बिक्री किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या भंडारण से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

