पुरई में अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ उतई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। अवैध रूप से मवेशियों के परिवहन एवं तस्करी के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में उतई पुलिस ने ग्राम पुरई स्थित नर्सरी के पास घेराबंदी कर मवेशियों से भरे पिकअप वाहन को पकड़ा। पुलिस ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम पुरई के नर्सरी के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान मैक्सिमा पिकअप क्रमांक CG 04 PF 6904 में 3 नग भैंस मवेशी पाए गए। मवेशियों के परिवहन के संबंध में आरोपियों द्वारा कोई वैध दस्तावेज अथवा अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई।

मौके पर पुलिस को स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 HD 1564 तथा मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LB 1123 भी मिली। पुलिस ने मवेशियों सहित तीनों वाहनों को जप्त कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने कमल गिरी गोस्वामी, जीमू गोस्वामी उर्फ संजू गोस्वामी, कमलेश गिरी गोस्वामी, करन गिरी गोस्वामी, टोमन यादव और जागेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं 2 अपचारी बालकों को विधि अनुसार अभिरक्षा में लिया गया है।

बरामद मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से परीक्षण कराया गया और नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस अब मवेशियों के परिवहन के स्रोत, गंतव्य और इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है। मामले में फरार व्यक्ति की तलाश भी जारी है।

उतई पुलिस ने इस संबंध में अपराध क्रमांक 428/2026 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत कार्रवाई की है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध मवेशी परिवहन या तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान नियमानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 753