छत्तीसगढ़ में बारिश का जोर, रायपुर सहित कई जिलों में झमाझम; 18 जिलों में अलर्ट

रायपुर छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। वहीं आज भी कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के लगभग सभी संभागों में बारिश हुई है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर कुछ और दिनों तक बने रहने की संभावना है।

18 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें बलरामपुर, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, रायगढ़ और सरगुजा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा बालोद, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सूरजपुर में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

इन 4 जिलों में ज्यादा बारिश की चेतावनी

अगले 48 घंटों के दौरान कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सूरजपुर में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759