रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में बड़े फेरबदल की चर्चाओं के बीच नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, नई टीम में छत्तीसगढ़ के भी दो प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, टीम की आधिकारिक घोषणा के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
बताया जा रहा है कि नई टीम में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, नई राष्ट्रीय टीम में करीब 33 प्रतिशत महिला पदाधिकारियों को शामिल किए जाने की योजना है।
स्मृति ईरानी को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
नई टीम को लेकर जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े और सुनील बंसल के भी नई टीम में अपनी मौजूदा भूमिका में बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
इसके अलावा हरीश द्विवेदी को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है। संगठन में उनके लंबे अनुभव और विभिन्न राज्यों में निभाई गई जिम्मेदारियों को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका दिए जाने की अटकलें हैं।
युवा चेहरों पर भी रहेगा फोकस
भाजपा की नई टीम में युवा चेहरों को भी प्राथमिकता दिए जाने की चर्चा है। बदलते राजनीतिक माहौल और युवा मतदाताओं, खासकर जेन-जी के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने के लिए संगठन में युवा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।
गुजरात के वडोदरा से सांसद डॉ. हेमांग जोशी का नाम भी संभावित टीम को लेकर चर्चा में है। वहीं हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय भाटिया को भी संगठन में अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना बताई जा रही है।
छत्तीसगढ़ पर टिकी नजर
नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ से किन दो नेताओं को जगह मिलती है, इसे लेकर प्रदेश भाजपा में भी उत्सुकता है। खासतौर पर सोशल मीडिया और महिला संगठन से जुड़े पदों पर छत्तीसगढ़ के नेताओं की भूमिका बढ़ने की चर्चा है।
हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक नई राष्ट्रीय टीम को लेकर आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है। ऐसे में सामने आ रहे नामों और संभावित जिम्मेदारियों को फिलहाल सूत्रों के दावों और राजनीतिक चर्चाओं के तौर पर ही देखा जा रहा है। आधिकारिक घोषणा के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि नितिन नवीन की टीम में किन नेताओं को कौन-सी जिम्मेदारी मिलती है।

